सड़क दुर्घटना में युवक घायल, हालत गंभीर
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
बुधवार की रात एक सड़क हादसे में पैदल जा रहा युवक बाइक से टकराकर बुलेरो वाहन की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग 135-ए स्थित अक्खनसराय के पास सिधाई निवासी लालू प्रसाद (31) गुजर रहा था।

सामने से आ रही बाइक से टकराकर वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही बोलेरो लालू प्रसाद को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। युवक को सिर, हाथ और कई जगहों पर गंभीर चोट आई। हादसे में बाइक सवार रेहान निवासी खेतासराय और शिवम् निवासी सिधारी आजमगढ़ भी घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लालू प्रसाद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस विधिक कार्यवाही में जुटी रही। बोलेरो की तलाश की जा रही है। गम्भीर रुप से घायल युवक का उपचार वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
















