साहूकार के चंगुल से मुक्त हुआ दिव्यांग वृद्ध,गहने वापस मिले
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया है,जहां साहूकार के चंगुल में फंसे एक दिव्यांग वृद्ध को राहत दिलाते हुए उसके गहने वापस कराए गए।जनसुनवाई कक्ष में पहुंचे मोहन लाल प्रजापति ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर अपनी व्यथा सुनाई।उन्होंने बताया कि गहनों के बदले लिया गया ऋण वह पहले ही चुका चुके हैं,बावजूद इसके साहूकार द्वारा गहने वापस नहीं किए जा रहे थे।

इससे वह मानसिक व आर्थिक रुप से परेशान है।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।प्रशासन की सक्रियता के बाद दोनों पक्षों को बुलाकर सुनवाई की गई और आपसी सहमति से प्रकरण का निस्तारण कराया गया।अंततः पीड़ित को उसके गहने वापस दिला दिए गए।गहने वापस मिलने पर भावुक हुए मोहन लाल ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना है।उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अनिवार्य रुप से जनसुनवाई करें और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आई शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

















