सिपाही के बेटे का रेलवे में जेई पद पर चयन
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव निवासी व प्रयागराज में तैनात पुलिस विभाग के सिपाही कृष्ण कुमार सिंह के बेटे विक्रम प्रताप सिंह का रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जेई पद पर चयन किया गया। जिसकी सूचना मिलते ही परिजनों समेत शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल छा गया।बता दें कि महज ग्यारह साल की उम्र में मां का साया सिर से उठने के बाद से पिता और दादी गायत्री सिंह की देखरेख में पले बढ़े विक्रम ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई मैनपुरी से की।

वर्तमान में वह तैयारी में जुटे हुए थे कि इसी बीच रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा इलेक्ट्रॉनिक और एलायड इंजीनियरिंग ग्रुप के लिए जेई पद पर हुई परीक्षा का सोमवार को जारी परिणाम में उनके जेई पद पर चयन होने की सूचना मिली। जिससे परिजनों समेत शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल छा गया।दादा शिवपूजन सिंह, चचेरे दादा विनोद सिंह, दादी गायत्री सिंह समेत छोटे भाई कार्तिकेय उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे हैं।

इस बाबत वार्ता के दौरान विक्रम को मां की कमी खलते दिखी, वहीं उन्होंने सफलता का सारा श्रेय पिता और दादी को दिया। साथ ही उन्होंने इस उपलब्धि को मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। कहा कड़ी मेहनत और समर्पण से प्रतियोगी युवा पीढी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। विक्रम की इस उपलब्धि पर अरुण कुमार सिंह, सुनील सिंह, सुशील सिंह समेत शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी।

















