सुल्तानपुर : जीवन मूल्य सिखाने वाला विषय है हिन्दी- प्रो. डीके त्रिपाठी
# राणा प्रताप पीजी कालेज में हुआ अभिविन्यास कार्यक्रम
सुल्तानपुर।
मुन्नू बरनवाल
तहलका 24×7
हिंदी जीवन मूल्य सिखाने वाला विषय है इसी वजह से भाषा के रूप में हिन्दी तेजी से फैल रही है। नये विद्यार्थियों के लक्ष्य प्राप्त करने में हिन्दी सहायक सिद्ध होगी। यह बातें राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहीं। वे महाविद्यालय के संगोष्ठी कक्ष में शनिवार को हिन्दी विभाग द्वारा आयोजित अभिविन्यास कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।

स्नातकोत्तर एवं स्नातक प्रथम सेमेस्टर के नवागत विद्यार्थियों के स्वागत एवं अभिविन्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हिन्दी विभागाध्यक्ष इन्द्रमणि कुमार ने कहा कि हिन्दी के विद्यार्थियों के लिए कई क्षेत्रों में रोजगार के दरवाजे खुले हैं। यही कारण है कि हिंदी पढ़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
एसोसिएट प्रोफेसर डॉ रंजना पटेल ने कहा कि सबसे ज्यादा रोजगार हिंदी माध्यम से ही मिलता है। पूरी दुनिया में हिन्दी का दबदबा कायम है। असिस्टेंट प्रो. डॉ विभा सिंह ने कहा कि हिन्दी पूरे देश में समझी और बोली जाने वाली भाषा है।



















