सुल्तानपुर : बैंक फ्रेंचाइजी संचालक को गोली मारकर 70 हजार रुपये की लूट
दोस्तपुर। ज़ेया अनवर तहलका 24×7 थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर में बुधवार की सुबह केंद्र खोल रहे फ्रेंचाइजी संचालक को गोली मार कर बाइक सवार बदमाश 70 हजार रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घायल संचालक को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के विंदवन गांव निवासी जितेंद्र कुमार पांडेय (42) दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर में बैंक ऑफ बडौ़दा की फ्रेंचाइजी लेकर ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। बुधवार की सुबह जितेंद्र कुमार केंद्र पर पहुंचकर शटर का ताला खोल रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और जितेंद्र के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। जितेंद्र ने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने उन पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली जितेंद्र के हाथ में लगी और वे गिर पड़े। बैग लूटने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना यूपी 112 को देते हुए घायल जितेंद्र को सीएचसी पहुंचाया।
लूट की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर रमेश भी पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे और घायल जितेंद्र से पूछताछ की। जितेंद्र ने बताया कि बैग में 70 हजार रुपये थे। सीओ ने बताया कि केस दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही पुलिस लुटेरों को गिरफ्तार कर लेगी।
# तीन हफ्ते में हुईं लूट की सात घटनाएं
शाम को पुलिस की फुट पैट्रोलिंग और रात में गश्त पर बदमाश भारी पड़ रहे हैं। एक के बाद एक लूट की घटनाओं को अपराधी शातिराना अंदाज में अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। बैंक फ्रेंचाइजी बदमाशों का सॉफ्ट टारगेट हैं। एक माह के भीतर ही बदमाशों ने लूट की सात घटनाओं को अंजाम दिया।