हाई-वे पर लापरवाही के चलते बस और डंपर की भीषण टक्कर, चार घायल
वाराणसी।
मनीष वर्मा
तहलका 24×7
विश्वसुंदरी पुल के समीप बुधवार की भोर चालक की लापरवाही से यात्रियों से भरी बस डंपर से टकरा गई। संयोग अच्छा रहा कि डंपर चालक ने सूझबूझ दिखाई जिसके चलते बड़ा हादसा होने से बच गया और बस में सवार यात्रियों में सिर्फ चार यात्री ही घायल हुए। सूचना पर पहुचे लंका इंस्पेक्टर ने सभी घायलों को इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया। बस और डंपर को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया।

बुधवार की सुबह बिहार की ओर से आ रही बस को विश्वसुंदरी पुल के समीप चालक ने अचानक दूसरी लेन में मोड़ लिया। बस मुड़ते ही सामने से तेज़ गति से आ रही डंपर से टकराई और हाई-वे किनारे लगे डिवाइडर पर चढ़ गई। बस की टक्कर डंपर से होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से नीचे उतारा गया। घायलों में सोनभद्र जिले के घोरावल क्षेत्र के देवगढ़ के रहने वाले सोनू का पैर टूट गया है। वहीं, बलिया के नरहीं की रहने वाली चंद्रावती देवी, चंदा देवी और बाबूलाल को हल्की चोट लगी है।

दरअसल बिहार से वाराणसी के बीच प्राइवेट बसें अवैध तरीके से चलती है। पूर्व में इन बसों का संचालन सामनेघाट इलाके के मुरारी चौक से होता था। पुलिस की सख्ती के बाद सामनेघाट में बिहार को चलने वाली प्राइवेट बसों का आना जाना बंद हो जाने के बाद। इन दिनों प्राइवेट बस संचालक विश्वसुंदरी पुल पर ही बस को खड़ा कर यात्रियों को उतारते बैठाते है। इस कारण हाई-वे पर हमेशा एक्सीडेंट होने का डर बना रहता है। मौके पर पहुचे लंका इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि गलती बस चालक की थी। हादसे में बस और डंपर दोनो के चालक और सभी यात्री सुरक्षित है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।


















