11 वर्षीय राघव की पहल रंग लाई, विधायक ने बैडमिंटन इंडोर कोर्ट के लिए जमीन तलाशने का दिया निर्देश
खुटहन,जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
खेल के प्रति जुनून और क्षेत्र के बच्चों के भविष्य की चिंता लेकर पहुंचे 11 वर्षीय राघव पालीवाल की पहल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।रविवार को शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के बस्ती बंदगान स्थित विधायक रमेश सिंह के आवास पर आयोजित विधायक दरबार में राघव ने बैडमिंटन के लिए इंडोर स्टेडियम (कोर्ट) बनवाने की मांग का ज्ञापन सौंपा।

सेंट थॉमस रोड निवासी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक सिंह पालीवाल के पुत्र राघव ने अपने ज्ञापन में कहा कि शाहगंज क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के लिए बैडमिंटन खेलने की समुचित सुविधा नहीं है।यदि इंडोर बैडमिंटन कोर्ट की स्थापना होती है तो स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिताओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिलेगा।
राघव की सोच और खेल के प्रति लगाव से प्रभावित विधायक रमेश सिंह ने मौके पर ही नायब तहसीलदार पियूष सिंह और हल्का लेखपाल सौरभ सेठ से मोबाइल पर बात कर इंडोर स्टेडियम के लिए उपयुक्त भूमि तलाशने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शाहगंज में बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम का निर्माण उनकी प्राथमिक योजनाओं में शामिल है और इसके लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।इस दौरान मौजूद लोगों ने भी राघव की जागरूकता और खेल के प्रति उसकी सकारात्मक पहल की सराहना की।लोगों का कहना था कि यदि बच्चों की ऐसी सोच को प्रोत्साहन मिले तो क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।


















