जौनपुर : नौकरी दिलाने की फर्जी कम्पनी दे रही है खुलेआम झांसा
# एक कमरे में चल रहा है काला कारोबार, जिम्मेदार बेखबर
खेतासराय।
अज़ीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
सोंधी ब्लॉक स्थित इंडेन गैस एजेंसी के समीप कथित चिटफण्ड कम्पनी ने एक कमरे में अपना दफ्तर खोल बेरोजगारों को अपने चंगुल में फंसाकर शोषण का शिकार बना रही है। खास बात तो ये है कि कथित कंपनी का न कोई पंजीकरण है और न ही बाहर कोई बोर्ड आदि लगाया गया है। धड़ल्ले से चल रहे अवैध कारोबार की चर्चा जोरों पर है, लेकिन जिम्मेदार इससे बेखबर हैं।

जानकारी के अनुसार कथित कंपनी के लोग आसपास के गावों में जाकर बेरोजगार युवक युवतियों को झांसा देकर अपने चंगुल में फंसा रहे हैं। जिन्हें लाखों रुपया प्रति माह कमाने का लालच दिया जा रहा है और उन्हें कार्यालय पर बुलाकर मुंगेरीलाल के सपने दिखाते हुए अर्थिक शोषण किया जा रहा है। नौकरी पाने के लिए कम्पनी की सदस्यता जरूरी है जिसके लिए चार हजार रुपये पंजीकरण के नाम पर तो नौकरी के आवेदन के नाम पर 18 हजार रुपये लिए जा रहे हैं। इसके बाद बेरोजगार युवाओं को भी अपने काले कारनामे में शामिल कर उन्हें क्षेत्र में भेजकर लोगों से संपर्क करने और बेरोजगारों को कार्यालय तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। सूत्र बताते हैं कि इनके झांसे में अबतक सैकड़ों बेरोजगार युवा फंस चुके हैं।


















