नगर पालिका परिषद में अनियमितता का आरोप,नगर विकास मंत्री से जांच की मांग
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
नगर पालिका परिषद में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष श्यामजी गुप्त ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री, उत्तर प्रदेश को प्रार्थना पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है।श्यामजी गुप्त ने आरोप लगाया है कि निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह कई महीनों तक नगर से बाहर रहती हैं और इस दौरान उनके पति वीरेन्द्र सिंह पालिका का कामकाज संभालते हैं।

वे कर्मचारियों को निर्देश देते हैं और पालिका के अभिलेख व चेक बुक आदि लेकर नगर से बाहर जाकर अध्यक्ष से हस्ताक्षर कराते हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि नगर क्षेत्र के सैकड़ों स्थानों पर लगाए गए कूड़ेदान के स्टील ड्रम और स्टैंड बिना किसी नीलामी के बेच दिए गए, उससे प्राप्त धनराशि पालिका के राजस्व में जमा नहीं की गई।

पालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए श्यामजी ने आरोप लगाया है कि इनमें घटिया सामग्री का काफी इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, पालिका द्वारा खरीदे गए वाटर कूलर व आरओ सिस्टम अत्यधिक महंगे दामों पर खरीदे गए हैं और उनकी गुणवत्ता भी खराब बताई गई है। पूर्व उपाध्यक्ष ने मांग की है कि सभी बिंदुओं पर उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

















