जौनपुर : ईंट भट्ठा महिला श्रमिक की नृशंस हत्या
# धड़ से 50 मीटर दूर मिला सिर, क्षेत्र में फैली सनसनी
जलालपुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
क्षेत्र अंतर्गत ककोरी गांव में गुरुवार को दोपहर ईंट भट्ठा पर मजदूरी करने वाली 25 वर्षीय एक महिला की गला काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। खेत में सिर धड़ से करीब 50 मीटर दूरी पर पड़ा पाया गया। वारदात का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।

ककोरी गांव में दोपहर महिला का सिर विहीन शव राम उग्रह सिंह के खेत में दिखा। ग्राम प्रधान के घरवालों ने थाने में सूचना दी। पुलिस को छानबीन के दौरान 50 मीटर दूर स्थित विशाल राजभर के खेत में पराली के नीचे छिपाया गया सिर मिला। मृत महिला की शिनाख्त जिवंती झारखंड के बेडो जिले के टंगरा कालोनी जहानाबाद के नुदा उरांव की पुत्री के रूप में हुई। वह पड़ोसी जिले वाराणसी के फूलपुर निवासी रामधनी पटेल के घटनास्थल से सटे घोसांव गांव स्थित ईंट भट्ठा पर मजदूरी करती थी। इसी भट्ठे पर काम करने वाली उसकी बहन सुमरी देवी ने थाने में तहरीर दी।



















