जौनपुर : दो बिचौलिए सहित सात लोगों पर मुकदमा दर्ज
महराजगंज।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
जिले में श्रम विभाग द्वारा संचालित कन्या विवाह सहायता योजना का अनुचित लाभ लेने के लिए बिचौलियों का एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो अपात्रों को लाभ दिलाने के लिए फर्जी अभिलेख तैयार कर पैसा हड़पने के फिराक में थे। प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी जूही मिश्रा ने शिकायत मिलने पर जब मामले की जांच कराई तो शिकायत सही मिली। जिस पर उन्होंने क्षेत्र के दो बिचौलिए सहित सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज बनाने व सरकारी धन का बंदरबांट करने के आरोप में संगठित गिरोह के विरुद्ध महराजगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने तहरीर में बताया है कि श्रम विभाग द्वारा चलाए जा रहे जनहित की योजनाओं में कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत 55 हजार रुपये निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों की शादी में दिए जाने का प्रावधान है। उक्त योजना में बिचौलिए, अपात्र एवं साधन संपन्न लोगों का गिरोह बनाकर शासकीय योजना का अनुचित एवं नियम विरुद्ध लाभ लेने का प्रयास किया है। उनके द्वारा कूटरचित आवश्यक अभिलेख तैयार कर आवेदन कराया जाता है। विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों के नाम पर आवेदकों से 20 से 25 हजार रुपये योजना का लाभ दिलाने के नाम पर सौदा किया जाता है।


















