जौनपुर : पुलिसिया उत्पीड़न से क्षुब्ध पीड़ित ने लगाई कप्तान से न्याय की गुहार
# राज चौकी के सिपाही पर प्रताड़ित कर 30 हजार रुपए उगाही का आरोप
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
राज कालेज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही पर पान मसाला कारोबारी के पुत्र ने अवैध रूप से हिरासत में लेने और गलत तरीके से दबाव डालकर 30 हजार रुपये दूसरे के खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री व पुलिस अधीक्षक से आनलाइन शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।मुख्यमंत्री व पुलिस अधीक्षक को भेजे गए प्रार्थना पत्र के अनुसार शहर के परमानतपुर मोहल्ला निवासी सुजीत कुमार रावत बुधवार को दिन में करीब 11.30 बजे शाही किला गेट के पास एक गुमटी पर खड़े थे।

उसी समय वहां राज कालेज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही राहुल कुमार साथी पुलिस जवान के साथ पहुंचे और सुजीत को पकड़कर चौकी पर ले गए और अवैध सामान बेचने का आरोप लगाया। सुजीत ने कहा कि उनके पिताजी के नाम लाइसेंस है। आरोप है कि सिपाही राहुल कुमार ने अपशब्द बोलते हुए सुजीत का मोबाइल फोन छीन लिया और उनके पिता अनिल कुमार रावत से बात करने के बाद छोड़ने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की। उनके चौकी पर न पहुंचने पर सुजीत से उनके मोबाइल पर फोन-पे नंबर खोलवाया। चौकी के सामने टेलर की दुकान चलाने वाले व्यक्ति के बुलाकर उसके पेटीएम का बारकोड स्कैन कराकर 30 हजार ट्रांसफर करा लिया। पीड़ित ने एसपी से आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है।
















