जौनपुर : साल भर से बंद पड़ी है एक्सरे मशीन, हलकान हो रहे हैं मरीज
बदलापुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी एक्सरे मशीन साल भर से खराब पड़ी हुई है इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी बिल्कुल चुप्पी साधे हुए हैं। एक्सरे के नाम पर अस्पताल से बाहर मरीजों का भारी शोषण किया जा रहा है।अस्पताल में प्रतिदिन 500 रोगियों की ओपीडी होती है। जिनमें चिकित्सकों द्वारा तकरीबन 100 से अधिक मरीजों का एक्सरे प्रतिदिन कराए जाने के लिए सलाह दी जाती है। अस्पताल की एक्सरे मशीन खराब होने के कारण ऐसे मरीज अस्पताल के सामने लगे एक्सरे मशीन पर एक्सरे कराने को मजबूर हैं।

जहां उनका भारी शोषण किया जाता है। एक्सरे मशीन रखने वालों का न तो कोई रजिस्ट्रेशन है और न तो वह स्वंय एक्सरे करने के लिए अधिकृत हैं। अप्रशिक्षित लोगों द्वारा मरीजों का एक्सरे कर उन्हें गुमराह करने का काम किया जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य केंद्र में लगी एक्सरे मशीन के बाबत चिकित्साधिकारी राकेश मौर्या ने बताया कि सायरेक्स नामक संस्था ने इस मशीन को कंडम भी घोषित कर दिया है लेकिन अभी तक दूसरी एक्सरे मशीन अस्पताल में नहीं लगाई जा सकी है। एक्सरे मशीन कंडम होने की सूचना तथा नई एक्सरे मशीन लगाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ संजय दुबे ने पत्र मुख्य चिकित्साधिकारी को भेजा है किंतु अभी तक वह अमल में नहीं लाया जा सका है।

















