वाराणसी : अनियमितता पर वाराणसी डीएम ने लिया बड़ा फैसला…
# एडीएम आपूर्ति को निर्वाचन के सभी कार्यों से हटाया
वाराणसी।
आर एस वर्मा
तहलका 24×7
मंगलवार शाम से ईवीएम पर मचा सियासी तूफान बुधवार अलसुबह तक थम गया। अब इस मामले में कार्रवाई होने लगी है। मामले में एडीएम (आपूर्ति) नलिनी कांत सिंह को निर्वाचन कार्यों से अवमुक्त कर दिया गया है। नलिनी कांत सिंह को ईवीएम का नोडल प्रभारी बनाया गया था।

डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, नलिनी कांत सिंह ने मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और राजनैतिक दलों को मूवमेंट प्लान शेयर किए बिना ही ईवीएम को प्रशिक्षण कार्य के लिए यूपी कॉलेज भेजा। आदेश के अनुसार, नलिनी कांत की इस लापरवाही की वजह से वाराणसी के प्रत्याशियों में बहुत बड़े भ्रम की स्थिति फैली, जिसे नियंत्रित करने में वाराणसी जिले की छवि गंभीर रूप से धूमिल हुई। ऐसी गंभीर अनियमितता के कारण नलिनी कांत सिंह अपर जिलाधिकारी (आपूर्ति) को ना सिर्फ ईवीएम नोडल प्रभारी के कार्य से अवमुक्त कर दिया गया बल्कि निर्वाचन के सभी कार्यों से हटा दिया गया।

















